छहढाला(12)

अध्यात्मप्रेमी कविवर पं० दौलतरामजी कृत
छहढाला(12)

(सुबोध टीका)

निर्जरा और मोक्ष की विपरीत श्रद्धा तथा अगृहीतमिथ्याज्ञान

रोके न चाह निजशक्ति खोय, शिवरूप निराकुलता न जोय;

याही प्रतीतिजुत कछुक ज्ञान, सो दुखदायक अज्ञान जान ॥

अन्वयार्थः मिथ्यादृष्टि जीव ( निजशक्ति ) अपने आत्मा-की शक्ति ( खोय ) खोकर ( चाह ) इच्छा को ( न रोके ) नहीं रोकता, और ( निराकुलता ) आकुलता के अभाव को ( शिवरूप ) मोक्ष का स्वरूप ( न जोय ) नहीं मानता। ( याही ) इस ( प्रतीतिजुत ) मिथ्या मान्यता सहित ( कछुक ज्ञान ) जो कुछ ज्ञान है ( सो ) वह ( दुखदायक ) कष्ट देनेवाला ( अज्ञान ) अगृहीत मिथ्याज्ञान है - ऐसा ( जान ) समझना चाहिये ।

भावार्थः - निर्जरातत्त्व में भूलः  आत्मा में आंशिक शुद्धि की वृद्धि तथा अशुद्धि की हानि होना, उसे संवरपूर्वक निर्जरा कहा जाता है; वह निश्चयसम्यग्दर्शन पूर्वक ही हो सकती है । ज्ञानानन्दस्वरूप में स्थिर होने से शुभ-अशुभ इच्छा का निरोध होता है, वह तप है । 

तप दो प्रकार का हैः (१) बालतप (२) सम्यक् तप; अज्ञानदशा में जो तप किया जाता है, वह बालतप है, उससे कभी सच्ची निर्जरा नहीं होती; किन्तु आत्मस्वरूप में सम्यक्  प्रकार से स्थिरता-अनुसार जितना शुभ-अशुभ इच्छा का अभाव होता है, वह सच्ची निर्जरा है , सम्यक् - तप है; किन्तु मिथ्यादृष्टि जीव ऐसा नहीं मानता । अपनी अनन्त ज्ञानादि शक्ति को भूलकर पराश्रय में सुख मानता है, शुभाशुभ इच्छा तथा पांच इन्द्रियों के विषयों की चाह को नहीं रोकता - यह निर्जरा- तत्त्व की विपरीत श्रद्धा है ।

(२) मोक्षतत्त्व की भूलः - पूर्ण निराकुल आत्मिक सुख की प्राप्ति अर्थात् जीव की सम्पूर्ण शुद्धता - वह मोक्ष का स्वरूप है तथा वही सच्चा सुख है; किन्तु अज्ञानी ऐसा नहीं मानता ।

मोक्ष होने पर तेज में तेज मिल जाता है, अथवा वहाँ शरीर इन्द्रियां तथा विषयों के बिना सुख कैसे हो सकता है ? वहाँ से पुनः अवतार धारण करना पड़ता है - इत्यादि। इस प्रकार मोक्ष-दशा में निराकुलता नहीं मानता, वह मोक्षतत्त्व की विपरीत श्रद्धा है।

(३) अज्ञानः- अगृहीत मिथ्यादर्शन के रहते हुए जो कुछ ज्ञान हो, उसे अगृहीत मिथ्याज्ञान कहते हैं; वह महान् दुःखदाता है। उपदेशादि बाह्य निमित्तों के आलम्बन द्वारा उसने नवीन ज्ञान ग्रहण नहीं किया है, जो कुछ ज्ञान है, केवल अनादिकालीन है, इसलिये उसे अगृहीत (स्वाभाविक/ निसर्गज ) मिथ्याज्ञान कहते हैं।।७।।

अगृहीत मिथ्याचारित्र (कुचारित्र) का लक्षण

इन जुत विषयनि में जो प्रवृत्त, ताको जानो मिथ्याचरित्त;

यों मिथ्यात्वादि निसर्ग जेह, अब जे गृहीत, सुनिये सु तेह।।८।।

अन्वयार्थः (जो ) जो (विषयनि में ) पाँच इन्द्रियों के विषयों में (इन जुत ) अगृहीत मिथ्यादर्शन तथा अगृहीत मिथ्याज्ञान सहित (प्रवृत्त) प्रवृत्ति करता है, (ताको ) उसे ( मिथ्याचरित्त ) अगृहीत मिथ्याचारित्र ( जानो ) समझो ।  (यों ) इस प्रकार (निसर्ग ) अगृहीत (मिथ्यात्वादि ) मिथ्यादर्शन, मिथ्याज्ञान और मिथ्याचारित्र का ( वर्णन किया गया ) (अब) अब (जे ) जो (गृहीत ) गृहीत (मिथ्यादर्शन, ज्ञान, चारित्र ) है, ( तेह ) उसे ( सुनिये ) सुनो।

भावार्थः- अगृहीत मिथ्यादर्शन तथा अगृहीत मिथ्याज्ञान सहित पांच इन्द्रियों के विषय में प्रवृत्ति करना, उसे अगृहीत मिथ्या  चारित्र कहते हैं। इन तीनों को दुःख का कारण जानकर तत्त्व-ज्ञान द्वारा उनका त्याग करना चाहिये।।8।।

 1 - मिथ्यादृष्टि जीव ने आत्मा की शक्ति खोकर भी क्या नहीं छोड़ा? (चाह को)

2- मिथ्यादृष्टि जीव किसके अभाव को मोक्ष का स्वरूप नहीं मानता? (आकुलता के अभाव को)

3- मिथ्या मान्यता सहित दुःख देने वाला ज्ञान क्या कहलाता है? (अगृहीत मिथ्याज्ञान)

4 - अगृहीत मिथ्या चारित्र किसे कहते हैं? (अगृहीत मिथ्यादर्शन, मिथ्या ज्ञान सहित पांचों इन्द्रियों के विषयों में प्रवृत्ति करना)

5- जो कुगुरु, कुदेव, कुधर्म की सेवा करता है, वह किसका पोषण करता है? (मिथ्यादर्शन का)

 ।। ओऽम् श्री महावीराय नमः ।।

सरिता जैन

सेवानिवृत्त हिन्दी प्राध्यापिका

हिसार

🙏🙏🙏

विनम्र निवेदन

यदि आपको यह लेख प्रेरणादायक और प्रसन्नता देने वाला लगा हो तो कृपया comment के द्वारा अपने विचारों से अवगत करवाएं और दूसरे लोग भी प्रेरणा ले सकें इसलिए अधिक-से-अधिक share करें।

धन्यवाद

Comments

Popular posts from this blog

बालक और राजा का धैर्य

सती कुसुम श्री (भाग - 11)

चौबोली रानी (भाग - 24)

सती नर्मदा सुंदरी की कहानी (भाग - 2)

हम अपने बारे में दूसरे व्यक्ति की नैगेटिव सोच को पोजिटिव सोच में कैसे बदल सकते हैं?

मुनि श्री 108 विशोक सागर जी महाराज के 18 अक्टूबर, 2022 के प्रवचन का सारांश

जैन धर्म के 24 तीर्थंकर व उनके चिह्न

बारह भावना (1 - अथिर भावना)

रानी पद्मावती की कहानी (भाग - 4)

चौबोली रानी (भाग - 28)