भक्तामर स्तोत्र : पद्यानुवाद(33-36)
भक्तामर स्तोत्र : पद्यानुवाद(33-36)
(मुनि श्री विमर्श सागर जी महाराज)
तर्ज - जीवन है पानी की बूंद
आदिनाथ स्तोत्र महान - जो नर गाये रे,
घाति अघाति सब कर्म नशाये रे ।।
आदिनाथ प्रभु गुणस्तवन, जो नर गाये रे,
जीवन में उसके दुःख न रह पाये रे ।। आदिनाथ ...
पारिजात सुन्दर मन्दार-सन्तानक नमेरू सुखकार।
कल्पवृक्ष के ऊर्ध्वमुखी, पुष्प अहा! गंधोदक धार।।
वर्षा नित होती रहती, मन्द पवन संग-संग बहती।
मानो दिव्य वचन माला, प्रभु की नभ से ही गिरती।।
प्रभु ऐसी शोभा, हो ऽऽ.....
प्रभु ऐसी शोभा, कहीं नज़र न आए रे।। 33।। आदिनाथ ...
नाथ आपका भामण्डल, शोभित जैसे सूर्य नवल।
जीत रहा है रजनी को, चंद्रकांति सम हो शीतल।।
त्रिभुवन चित्त लुभाते जो, कांतिमान कहलाते जो।
भामण्डल की आभा से, लज्जित हो शर्माते वो।।
भामण्डल भवि के, हो ऽऽ.....
भामण्डल भवि के,भव सात दिखाए रे।। 34।। आदिनाथ ...
स्वर्ग मोक्ष पथ बतलाती, सत्य धर्म के गुण गाती।
त्रिभुवन के भवि जीवों को, विशद अर्थ कर दिखलाती।।
नाथ! दिव्य ध्वनि खिरती है, सदा अमंगल हरती है।
महा-लघु भाषाओं में, स्वयं परिणमन करती है।।
प्रभु की दिव्य ध्वनि, हो ऽऽ.....
प्रभु की दिव्य ध्वनि, भवरोग मिटाए रे।। 35।। आदिनाथ ...
नूतन विकसित स्वर्ण कमल, कांतिमान नख अति निर्मल।
फैल रही आभा जिनकी, दसों दिशाओं में उज्ज्वल।।
आप गमन जब करते हैं, सहज कदम जब धरते हैं।
दो सौ पच्चीस स्वर्ण कमल, विबुध चरणतल रचते हैं।।
नभ में प्रभु तेरा, हो ऽऽ.....
नभ में प्रभु तेरा, अतिशय दिखलाए रे।। 36।। आदिनाथ ...
।। ओऽम् श्री आदिनाथाय नमः ।।
द्वारा -सरिता जैन
सेवानिवृत्त हिन्दी प्राध्यापिका
हिसार
🙏🙏🙏
विनम्र निवेदन
यदि आपको यह लेख प्रेरणादायक और प्रसन्नता देने वाला लगा हो तो कृपया comment के द्वारा अपने विचारों से अवगत करवाएं और दूसरे लोग भी प्रेरणा ले सकें इसलिए अधिक-से-अधिक share करें।
धन्यवाद

Comments
Post a Comment