भक्तामर स्तोत्र : पद्यानुवाद(41-44)
भक्तामर स्तोत्र : पद्यानुवाद(41-44)
(मुनि श्री विमर्श सागर जी महाराज)
लाल-लाल लोचन वाला कंठ कोकिला सा काला।
जिह्वा लप-लप कर चलता, नाग महाविष फण वाला।।
नाम नागदमनी जिसके, हृदय बसी हो फिर उसके।
शंका की न बात कोई, साँप लांघ जाता हँस के।।
भक्तों को विषधर, हो ऽऽ.....
भक्तों को विषधर, न कभी डराए रे।। 41।। आदिनाथ ...
उछल रहे हों जहाँ तुरंग, गज गर्जन हो सैन्य उमंग।
बलशाली राजा रण में, दिखा रहे हों अपना रंग।।
सूर्य किरण सेना लाता, तिमिर कहाँ फिर रह पाता।
नाम आपका जो जपता, रण में भी ध्वज फहराता।।
प्रभु के भक्तों को, हो ऽऽ.....
प्रभु के भक्तों को, कब कौन हराए रे।। 42।। आदिनाथ ...
क्षत-विक्षत गज भालों से, हुआ सामना लालों से।
जल सम रक्त नदी जिसमें, तरणातुर वह सालों से।।
नाथ! जीतना हो दुर्जय, रण में होती शीघ्र विजय।
नाथ! पाद पंकज वन का, लिया जिन्होंने भी आश्रय।।
प्रभु के भक्तों को, हो .....
प्रभु के भक्तों को, जय तिलक लगाए रे।। 43।। आदिनाथ ...
मगरमच्छ एवं घड़ियाल, भीमकाय मछली विकराल।
महा भयानक बड़वानल, उठती हों लहरें उत्ताल।।
डगमग डगमग हों जलयान, चीत्कार कर रहे पुमान।
नाम स्मरण से भगवन्, शीघ्र पहुँचते तट पर यान।।
प्रभु की भक्ति से, हो ऽऽ.....
प्रभु की भक्ति से, संकट कट जाए रे।। 44।। आदिनाथ ...
।। ओऽम् श्री आदिनाथाय नमः ।।
द्वारा -सरिता जैन
सेवानिवृत्त हिन्दी प्राध्यापिका
हिसार
🙏🙏🙏
विनम्र निवेदन
यदि आपको यह लेख प्रेरणादायक और प्रसन्नता देने वाला लगा हो तो कृपया comment के द्वारा अपने विचारों से अवगत करवाएं और दूसरे लोग भी प्रेरणा ले सकें इसलिए अधिक-से-अधिक share करें।
धन्यवाद

Comments
Post a Comment